मारपीट मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप, पुलिस कर रही जांच
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
हसनपुरा के मेरही गांव में भूमि विवाद को लेकर हिंसक झड़प, दोनों ओर से दर्ज हुई प्राथमिकी
हसनपुरा (सिवान) : एमएच नगर थाना क्षेत्र के मेरही गांव में 11 जुलाई को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पहले पक्ष की ओर से भावनाथ सिंह की पत्नी शीला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 11 जुलाई की दोपहर लगभग 12 बजे शंकर सिंह, राहुल सिंह, शमा देवी, ममता देवी और साहिल सिंह उनके घर में घुस आए। इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बीच-बचाव करने आए उनके परिजनों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए। इस दौरान उनके गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र आदि भी छीन लेने की बात कही गई है।
वहीं दूसरी ओर रामनरेश सिंह के पुत्र शंकर सिंह ने भी थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि देवनाथ सिंह, सीमा सिंह, काजल कुमारी, शीला देवी और रवीना देवी ने मिलकर उसकी पुत्रवधू और पोते के साथ मारपीट की। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।