✒️ स्वराज सिंह कुशवाहा
जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सीवान। जिला पदाधिकारी, सीवान श्री विजय प्रकाश मीणा, भा.प्र.से. ने रविवार को हसनपुरा प्रखंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में संचालित विभिन्न कार्यों का जायजा लिया और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली।
डीएम ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा।
आगामी पर्व-त्योहारों एवं महावीरी मेला के मद्देनजर डीएम ने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए समय रहते सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रखंड सभागार में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें प्रमुख, उपप्रमुख, मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य, नगर पंचायत की सभापति एवं सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने हसनपुरा प्रखंड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी मुद्दों को डीएम के समक्ष रखा। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान विकास योजनाओं में तेजी लाने, प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम जनता को सुगम सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

