Explore

Search

August 23, 2026 4:08 am

छपरा के नाविक मनोज कुमार का जहाज पर निधन, पार्थिव शरीर स्वदेश लाने की अपील

✒️ स्वराज सिंह

सेलर्स यूनियन ऑफ इंडिया ने डीजीएस समेत संबंधित एजेंसियों से तत्काल हस्तक्षेप और जांच की मांग की

छपरा : बिहार के छपरा निवासी और व्यापारी जहाज एम.वी. RANI पर मुख्य अभियंता के पद पर कार्यरत मनोज कुमार का जहाज पर निधन हो गया। उनकी मृत्यु के बाद सेलर्स यूनियन ऑफ इंडिया (SUI) ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने, परिवार को सभी वैधानिक और अनुबंधित लाभ दिलाने तथा भर्ती प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।
यूनियन के अनुसार, उपलब्ध रोजगार अनुबंध के मुताबिक मनोज कुमार को अल्बारोन शिपिंग लिमिटेड ने नियुक्त किया था। उनका अनुबंध 13 फरवरी 2026 को त्रिपोली में हुआ था और उन्होंने 16 फरवरी 2026 को जहाज पर कार्यभार संभाला था। अनुबंध में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि उनकी सेवा शर्तें समुद्री श्रम कन्वेंशन (MLC), 2006 के तहत संचालित होंगी।
SUI का कहना है कि उपलब्ध दस्तावेजों में अधिकृत भर्ती एवं प्लेसमेंट सेवा लाइसेंस (RPSL) कंपनी का नाम और आवश्यक फॉर्म-1 नहीं मिला है। इससे भर्ती प्रक्रिया की वैधता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और यह तय करना भी मुश्किल हो रहा है कि मृतक के बकाया वेतन, बीमा, मुआवजा तथा अन्य कानूनी दायित्वों का निर्वहन कौन करेगा।
यूनियन ने महानिदेशक नौवहन (DGS), बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय, संबंधित भारतीय दूतावास, जहाज के मालिक, प्रबंधन कंपनी और बीमा एजेंसियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही मृतक के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक भारत लाने, परिवार को सभी देय लाभ दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
SUI ने यह भी कहा है कि वह शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी और न्याय सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार मामला उठाती रहेगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर