Explore

Search

July 8, 2026 12:53 am

हसनपुरा में निवर्तमान सीओ उदयन कुमार सिंह को भावभीनी विदाई, पूनम दीक्षित ने संभाला कार्यभार

हसनपुरा में निवर्तमान सीओ उदयन कुमार सिंह को भावभीनी विदाई, पूनम दीक्षित ने संभाला कार्यभार

स्वराज सिंह

विदाई समारोह में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सम्मान, नई सीओ ने समयबद्ध और पारदर्शी कार्यशैली का दिया भरोसा

हसनपुरा (सिवान): प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें निवर्तमान अंचलाधिकारी उदयन कुमार सिंह को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आनंद प्रकाश सिंह ने किया।

समारोह में वक्ताओं ने उदयन कुमार सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासनिक दायित्वों का ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निर्वहन किया। राजस्व मामलों के निष्पादन, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान में उनके योगदान को याद करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिससे लोगों का विश्वास प्रशासन के प्रति मजबूत हुआ।

अपने विदाई संबोधन में उदयन कुमार सिंह ने कहा कि हसनपुरा में कार्य करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता के सहयोग एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक सेवा की सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन लोगों का प्रेम और सम्मान जीवनभर स्मरणीय रहेगा।

इसी अवसर पर नवपदस्थापित अंचलाधिकारी पूनम दीक्षित ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेही के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

नई अंचलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को समय पर जाति, आय, निवास एवं क्रीमीलेयर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्रों के निर्गमन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति, नामांकन एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि अंचल कार्यालय में लंबित जमाबंदी, दाखिल-खारिज, परिमार्जन तथा अन्य राजस्व मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने तथा भू-माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने नई अंचलाधिकारी से जनहित के मामलों के त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासन और सुशासन की उम्मीद जताई है। लोगों का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा जनहितैषी बनेगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर