Explore

Search

June 21, 2026 2:21 am

हसनपुरा : एमएच नगर थाना क्षेत्र के सेमरी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक्सयूवी कार से 300 लीटर शराब बरामद

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पुलिस की घेराबंदी देख तस्कर फरार, 35 पेटी विदेशी शराब जब्त


हसनपुरा (सिवान), 20 जून 2026 : शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एमएच नगर थाना पुलिस ने शनिवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से करीब 300 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब लदी महिंद्रा एक्सयूवी-300 कार को भी जब्त कर लिया है, जबकि वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल को गुप्त सूचना मिली थी कि सेमरी क्षेत्र के रास्ते शराब की बड़ी खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब तीन बजे सेमरी गांव के समीप घेराबंदी की। इसी दौरान एक सफेद रंग की एक्सयूवी-300 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से कुल 35 पेटी विदेशी शराब बरामद की। इनमें 33 पेटी ऑफिसर चॉइस तथा 2 पेटी 8 पीएम ब्रांड के टेट्रा पैक शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 300 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर थाना लाया है तथा फरार तस्करों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। वाहन स्वामित्व की जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित नेटवर्क तक पहुंचने के लिए छापेमारी की जा रही है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी दल में सअनि वीरेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर