Explore

Search

June 19, 2026 1:44 am

हसनपुरा : मापी और आदेश के बावजूद नहीं हटा अतिक्रमण, करोड़ों की सड़क-नाला योजना अधर में

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

हसनपुरा में अतिक्रमण नहीं हटने से मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना का कार्य शुरू होने का इंतजार


हसनपुरा। मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना 2025-26 के तहत एसएच-89 हसनपुरा चट्टी से गोला बाजार होते हुए उसरी बाजार तक प्रस्तावित सड़क एवं नाला निर्माण योजना अतिक्रमण की समस्या के कारण ठप पड़ी हुई है। संविदा प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण एजेंसी बुड़को को कार्य आवंटित किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
बुड़को अधिकारियों का कहना है कि नगर पंचायत हसनपुरा द्वारा सड़क को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया है। सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण बने रहने के कारण निर्माण कार्य शुरू करना संभव नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के बाद ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार नगर पंचायत हसनपुरा के कार्यपालक पदाधिकारी ने 17 फरवरी 2026 को अंचलाधिकारी से मार्ग की मापी के लिए अमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद 20 फरवरी 2026 को सड़क की विधिवत मापी कराकर अतिक्रमित हिस्सों का चिन्हांकन किया गया था। मापी के दौरान सरकारी अमीन और नगर पंचायत कर्मी भी मौजूद थे।
इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी सिवान ने 13 अप्रैल 2026 को जारी पत्र के माध्यम से 17 अप्रैल को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था, ताकि सड़क एवं नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके। निर्धारित तिथि पर नगर पंचायत द्वारा बुलडोजर के साथ अभियान भी चलाया गया, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई प्रभावी नहीं रही और अधिकांश अतिक्रमण आज भी यथावत बना हुआ है।
सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से गोला बाजार की यह महत्वपूर्ण सड़क लगातार जर्जर होती जा रही है। बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या विकराल हो जाती है और सड़क नाले का रूप ले लेती है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि नगर पंचायत प्रशासन पर राजनीतिक दबाव के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पा रही है। हालांकि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर कब सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराकर बहुप्रतीक्षित सड़क एवं नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर