✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- छपरा रोड पर 11 हजार वोल्ट का बिजली तार अचानक सड़क पर गिरा।
- करंट की चपेट में आने से करीब एक दर्जन लोग झुलसे।
- छह घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- दो गंभीर घायलों को पीएमसीएच रेफर करने की तैयारी।
- अस्पताल मोड़ और बाबुनिया मोड़ के बीच हुई घटना, छह घायल अस्पताल में भर्ती
सीवान शहर के व्यस्ततम छपरा रोड पर सोमवार की शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल मोड़ और बाबुनिया मोड़ के बीच स्थित एक मोबाइल दुकान के समीप 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे बाजार में काफी भीड़ थी और लोग खरीदारी में व्यस्त थे। इसी दौरान हाई वोल्टेज बिजली तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। तार गिरते ही आसपास मौजूद कई लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के झुलसने की सूचना है।
स्थानीय लोगों की तत्परता से गंभीर रूप से घायल छह लोगों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में नया बाजार निवासी रिंकू अली, देवघर निवासी नसरूल्लाह, कुतुब छपरा निवासी साजिद अली, अतरसुआ निवासी अब्दुल्लाह, कुतुब छपरा निवासी राजा तथा सदर अस्पताल रोड निवासी खालिद शामिल हैं।
सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं। हालांकि दो लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर इंस्पेक्टर अभिनाश कुमार और सीडीपीओ अजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और पूरे मामले की जानकारी ली। हादसे के बाद कुछ समय तक छपरा रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि जर्जर तारों और बिजली व्यवस्था की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं। नागरिकों ने पूरे इलाके में हाईटेंशन तारों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

