✒️ परवेज़ अख़्तर / एडिटर इन चीफ
जनता दरबार में मारपीट, धोखाधड़ी और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई
सीवान : पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने शुक्रवार को जिला समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 28 फरियादियों ने अपनी शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में सर्वाधिक मामले मारपीट, धोखाधड़ी, फर्जी मुकदमे में फंसाने तथा भूमि विवाद से संबंधित पहुंचे। सुनवाई के दौरान दो दर्जन से अधिक मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के क्रम में कुछ मामलों में पुलिस की शिथिलता सामने आने पर एसपी ने संबंधित थानाध्यक्षों से फोन पर बातचीत कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भूमि विवाद से जुड़े मामलों की संख्या सबसे अधिक रही, जिस पर एसपी ने विशेष गंभीरता दिखाते हुए संबंधित थानों को निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई करने का आदेश दिया।
एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि नियमित रूप से आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिए गए आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आम लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

