Explore

Search

June 5, 2026 1:06 am

गोरेयाकोठी : विंदवल पंचायत के पिपरा गांव में मुफ्त चिकित्सा शिविर का आयोजन, 500 मरीजों की हुई जांच

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह


  • पिपरा गांव में बुधवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ।
  • विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने करीब 500 मरीजों की जांच की।
  • मरीजों को मुफ्त दवा एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया।
  • चिकित्सकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

गोरेयाकोठी: प्रखंड के विंदवल पंचायत अंतर्गत खाकी बाबा का मठिया, पिपरा गांव में बुधवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर एक पुण्यतिथि के अवसर पर छपरा के एक अस्पताल के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
आयोजन से जुड़े प्रो. रवीन्द्र सिंह और सुनील चौरसिया ने बताया कि शिविर में डॉ. सजल कुमार, डॉ. विवेक राज, डॉ. अमजद रजा, डॉ. विश्वजीत कुमार एवं डॉ. आदित्य कुमार सहित कई चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों की टीम ने करीब 500 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श तथा मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराईं।
चिकित्सा शिविर में सुबह से ही विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ चिकित्सकों से विभिन्न बीमारियों और उनके उपचार के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह, पूर्व मुखिया सुरेन्द्र सिंह तथा अन्य गणमान्य लोगों ने शिविर में पहुंचे चिकित्सकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने खान-पान एवं दिनचर्या से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए देर रात तक जागने से बचने, रात आठ बजे के बाद भोजन नहीं करने तथा तली-भुनी चीजों के सेवन से परहेज करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में निभा सिंह, हरेन्द्र सिंह, राजकुमार प्रसाद, राकेश सिंह, अजय कुमार चौरसिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर