Explore

Search

June 5, 2026 1:01 am

नौतन : बुलेट अंसारी हत्याकांड में दो मुख्य आरोपित गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

ठाकुर के रामपुर गोलीकांड मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता


• 23 मई को हुई थी बुलेट अंसारी की गोली मारकर हत्या
• दो मुख्य नामजद आरोपित गिरफ्तार
• एक आरोपित पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज
• तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई


नौतन थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव में हुए चर्चित गोलीकांड एवं हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मुख्य नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सिवान सदर-2 (मैरवा) की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौरी कुमारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर 2 जून की संध्या दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव निवासी प्रशांत श्रीवास्तव और विकास पटेल के रूप में हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि प्रशांत श्रीवास्तव के विरुद्ध वर्ष 2014 से 2026 तक हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले नौतन थाने में दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 मई की रात लगभग 9:15 बजे सूचना मिली थी कि ठाकुर के रामपुर गांव में बुलेट अंसारी नामक युवक को गोली मार दी गई है। गंभीर रूप से घायल बुलेट अंसारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है। मामले में मृतक के भाई बबूजान अंसारी के बयान पर नौतन थाना में आठ लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही थी।
एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
गिरफ्तारी अभियान में पुलिस निरीक्षक रत्नेश कुमार वर्मा, नौतन थाना प्रभारी जीतमोहन कुमार, अशोक कुमार, डीआईयू के रितेश कुमार सिंह, अजीत कुमार, विक्की कुमार तथा विकास कुमार शामिल रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर