✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- जिले की 48 गैस एजेंसियों में कुल 18,660 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
- सभी एजेंसियों को प्रतिदिन गैस कंपनियों से नियमित आपूर्ति मिल रही है।
- जमाखोरी, कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली पर प्रशासन की कड़ी निगरानी है।
- उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए 24×7 नियंत्रण कक्ष संचालित है।
सभी एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी पर प्रशासन की कड़ी नजर
सिवान। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा सभी गैस एजेंसियों को प्रतिदिन नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।
जिला पदाधिकारी के अनुसार इंडेन (आईओसीएल) के 30 वितरकों के पास 11,264 घरेलू गैस सिलेंडर, भारत गैस (बीपीसीएल) के 10 वितरकों के पास 4,397 घरेलू गैस सिलेंडर तथा हिंदुस्तान गैस (एचपीसीएल) के 8 वितरकों के पास 2,999 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इस प्रकार जिले की कुल 48 गैस एजेंसियों में वर्तमान में 18,660 घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है।
उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित निगरानी की जा रही है तथा पूरे जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी लगातार जारी है। प्रशासन विभिन्न स्तरों पर इसकी समीक्षा और अनुश्रवण भी कर रहा है।
जमाखोरी, कालाबाजारी, घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। सिवान सदर अनुमंडल में 32 पिकअप वाहनों एवं 14 ठेलों तथा महाराजगंज अनुमंडल में 5 पिकअप वाहनों के माध्यम से एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता कॉमन इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1906, इंडेन के टोल फ्री नंबर 1800-2333-555, भारत गैस के टोल फ्री नंबर 1800-22-4344 तथा एचपीसीएल के टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा जमाखोरी, कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली अथवा गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06154-242000 एवं 06154-242001 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

