✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मैरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई
- मैरवा रेलवे स्टेशन से दो शराब तस्कर गिरफ्तार।
- तस्करों के पास से 73 बोतल देशी शराब बरामद।
- आरपीएफ व जीआरपी ने संयुक्त अभियान में की कार्रवाई।
- गिरफ्तार आरोपितों को कानूनी प्रक्रिया के बाद जेल भेजा गया।
सिवान: आरपीएफ एवं जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मैरवा रेलवे स्टेशन से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के रतसिया निवासी जनार्दन सिंह तथा श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी अनवर अंसारी के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि 31 मई को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक के आदेशानुसार आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा रेलवे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में मैरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के समीप दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद एक हैंड बैग तथा शरीर में छिपाकर रखी गई कुल 73 बोतल देशी शराब बरामद की गई। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि बरामद शराब एवं गिरफ्तार आरोपितों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

