Explore

Search

May 31, 2026 12:37 am

सिवान : ड्यूटी के दौरान गृह रक्षक की हृदयगति रुकने से मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पुलिस केंद्र शस्त्रागार शाखा में विधि-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत, सदर अस्पताल में तोड़ा दम


• विधि-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान गृह रक्षक की तबीयत अचानक बिगड़ी।
• सीने में तेज दर्द उठने पर सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती।
• इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित किया।
• विभाग की ओर से स्वजन को 15 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।


सिवान : पुलिस केंद्र शस्त्रागार शाखा में विधि-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षक रुदल यादव की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। घटना के बाद गृह रक्षा वाहिनी एवं पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार रुदल यादव 28 मई की रात ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। उनकी हालत बिगड़ने पर साथियों द्वारा तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की अहले सुबह चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गृह रक्षा वाहिनी के अधिकारी एवं जवान सदर अस्पताल पहुंचे और दिवंगत गृह रक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने शोकाकुल स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

गृह रक्षा वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुमन यादव तथा जिला समादेष्टा कार्यालय के कर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। विभाग की ओर से अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को 15 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई।

गृह रक्षक रुदल यादव के असामयिक निधन से विभागीय कर्मियों में शोक व्याप्त है। सहकर्मियों ने उनके निधन को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर