✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
लकड़ी नबीगंज थाने की नई थानाध्यक्ष सविता कुमारी ने संभाली कमान
लकड़ी नबीगंज (सिवान) : स्थानीय थाने में नवपदस्थापित थानाध्यक्ष सविता कुमारी ने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष सविता कुमारी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और उससे जुड़ी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। शराब मामलों सहित अन्य मामलों में फरार चल रहे आरोपितों और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्ती अभियान, वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी लगातार जारी रहेगी। साथ ही वरीय अधिकारियों द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
गौरतलब है कि गोरेयाकोठी थाने में अपर थानाध्यक्ष के पद पर तैनात सविता कुमारी को पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने लकड़ी नबीगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने गुरुवार को अपना पदभार ग्रहण कर कार्यभार संभाल लिया।

