Explore

Search

May 30, 2026 12:08 am

आंदर : पूर्व मुखिया बादशाह सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

1978 से 2016 तक संभाली पंचायत की जिम्मेदारी, हजारों लोगों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार


• बलिया पंचायत के पूर्व मुखिया बादशाह सिंह का कैंसर से निधन हो गया।
• वे पिछले डेढ़ माह से पटना में इलाजरत थे।
• 1978 से 2016 तक लगातार पंचायत का नेतृत्व किया।
• दरौली सरयू नदी तट पर अंतिम संस्कार में हजारों लोग शामिल हुए।


आंदर (सिवान) : प्रखंड के बलिया पंचायत के पूर्व मुखिया बादशाह सिंह का गुरुवार की रात करीब 8 बजे पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे पिछले डेढ़ माह से कैंसर से पीड़ित थे और इलाज के लिए पटना में भर्ती थे।

परिजनों के अनुसार इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार खराब होती जा रही थी। निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं गांव तथा आसपास के इलाकों में भी शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

बादशाह सिंह लंबे समय तक पंचायत की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे। उन्होंने वर्ष 1978 से 2016 तक बलिया पंचायत के मुखिया के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल को पंचायत के विकास और जनसरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए याद किया जाता है। उनके बाद वर्ष 2021 तक उनके भतीजे की पत्नी पंचायत की मुखिया रहीं।

शुक्रवार को दरौली स्थित सरयू नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा और दाहसंस्कार में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।

पूर्व मुखिया के निधन पर जदयू जिला सचिव सुशील गुप्ता, बलभद्र सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष उदय सिंह, पैक्स अध्यक्ष नागमणि पाठक, अरविंद सिंह, मृत्युंजय सिंह, संजय सिंह, राजेश सिंह, विजय सिंह, विनोद सिंह, संजय श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। शोक व्यक्त करते हुए लोगों ने कहा कि बादशाह सिंह हमेशा समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते थे और पंचायत के विकास में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर