✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
4 अप्रैल के NDPS केस में था फरार, 25 मई को एसपी ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
- मुफस्सिल थाना कांड संख्या 191/26 में वांछित था आरोपी
- STF और मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर किया गिरफ्तार
- अप्रैल में स्मैक और गांजा बरामदगी मामले में सामने आया था नाम
- आरोपी पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं
सिवान में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के टॉप-10 वांछित स्मैक तस्करों में शामिल श्याम बिहारी कुमार उर्फ श्याम को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में सिवान पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 25 मई 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार श्याम बिहारी कुमार उर्फ श्याम, मुफस्सिल थाना कांड संख्या 191/26 में फरार चल रहा था। यह मामला 4 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया था, जिसमें स्मैक और गांजा की बरामदगी हुई थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 24 मई 2026 को मुफस्सिल थाना पुलिस एवं एसटीएफ टीम के साथ संयुक्त छापेमारी कर उसे खुरमाबाद स्थित ललित बस स्टैंड मंदिर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 4 अप्रैल 2026 की शाम मुफस्सिल थाना पुलिस नशीले पदार्थ के कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली थी कि खुरमाबाद बस स्टैंड मंदिर के पास कुंदन कुमार नामक व्यक्ति स्मैक बेच रहा है। पुलिस टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी कर कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया था।
तलाशी के दौरान उसके पास से 32 पुड़िया स्मैक जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ था, जिसका वजन करीब 15 ग्राम बताया गया। इसके अलावा मौके से 50 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए थे। पूछताछ में कुंदन कुमार ने खुलासा किया था कि उसे स्मैक और गांजा श्याम बिहारी उपलब्ध कराता था।
इसके बाद पुलिस ने कुंदन कुमार के घर पर छापेमारी की थी, जहां से करीब 750 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ और 1 लाख 38 हजार 70 रुपये नकद बरामद किए गए थे। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 21(b) और 20(ii)(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
अब पुलिस ने मुख्य सप्लायर बताए जा रहे श्याम बिहारी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरोपी पर पहले से एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 6070 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। कार्रवाई में मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना पुलिस टीम और एसटीएफ के जवान शामिल रहे।

