Explore

Search

May 25, 2026 2:04 am

नौतन : बुलेट अंसारी की सिर में गोली मारकर हत्या, सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

नौतन के ठाकुर के रामपुर में वारदात, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन


  • दरवाजे पर बैठे युवक को बदमाशों ने सिर में मारी गोली
  • इलाज के दौरान गोरखपुर ले जाते समय युवक की मौत
  • घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
  • एसपी ने SIT गठित कर जल्द गिरफ्तारी का दिया आश्वासन

सिवान : नौतन थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव में शनिवार देर रात बदमाशों ने दरवाजे पर बैठे एक युवक को सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए पटना रेफर कर दिया। स्वजन उसे इलाज के लिए गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान ठाकुर के रामपुर गांव निवासी नसरुल्लाह अंसारी के 23 वर्षीय पुत्र बुलेट अंसारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि शनिवार रात करीब दो दर्जन हथियारबंद हमलावर अचानक बुलेट अंसारी के घर के पास पहुंचे और हमला बोल दिया। शोर सुनकर उसके पिता नसरुल्लाह अंसारी मौके पर पहुंचे, तभी बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली बुलेट अंसारी के सिर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना में उसके पिता बाल-बाल बच गए, जबकि हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि हमलावर अवैध शराब कारोबार से जुड़े हुए हैं और उन्हीं लोगों ने उनके बेटे की हत्या की है। हालांकि उन्होंने किसी पुराने विवाद से इन्कार किया है।
घटना के विरोध में रविवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने नौतन-जगदीशपुर मार्ग जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और एसपी को बुलाने की मांग की। कई घंटों तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सड़क जाम की सूचना पर पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, सदर-टू एसडीपीओ गौरी कुमारी, सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
एसपी ने स्वजनों को आश्वस्त करते हुए बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ सदर-टू के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर