✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
भूमाफियाओं से सांठगांठ की जांच, सड़क निर्माण और बिजली व्यवस्था सुधार की मांग
- चेयरमैन बेबी गुप्ता ने सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को सौंपा मांग पत्र
- एमएच नगर थानाध्यक्ष पर भूमाफियाओं व दलालों से सांठगांठ का आरोप
- थाना परिसर के 15 दिनों के CCTV फुटेज जांच की मांग
- जर्जर सड़क व बिजली समस्या को लेकर भी उठाई आवाज
हसनपुरा (सिवान) : नगर पंचायत हसनपुरा की चेयरमैन बेबी गुप्ता ने जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) के अध्यक्ष सह सांसद Janardan Singh Sigriwal को अलग-अलग मांग पत्र सौंपकर एमएच नगर थानाध्यक्ष के कार्यों की जांच कराने तथा नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है।
चेयरमैन ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि एमएच नगर थाना परिसर में कथित भूमाफिया और दलाल प्रवृत्ति के लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है, जिससे आम लोगों के बीच पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के पिछले 15 दिनों के फुटेज की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
एक अन्य मांग पत्र में नगर पंचायत क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या उठाई गई है। पत्र के अनुसार स्टेट हाईवे-89 से उसरी बुजुर्ग तक लगभग 2100 मीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास हुए छह माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
इसके अलावा उसरी टारी मुख्य सड़क पर हामिद रजा खान के मार्केट से लालजी यादव के घर तक करीब 500 मीटर सड़क जर्जर स्थिति में है। चेयरमैन ने कहा कि बरसात के मौसम में इस सड़क पर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार की भी मांग उठाई है।

