Explore

Search

May 25, 2026 2:12 am

सिवान : चिलचिलाती धूप व गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित, अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बिजली की आंख-मिचौनी से लोग बेहाल, अस्पतालों में बढ़ रहे मरीज


  • सिवान में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज
  • भीषण गर्मी और लू से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त
  • बिजली कटौती से लोगों की परेशानी और बढ़ी
  • अस्पतालों में लू, डायरिया व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी

सिवान : जिले में पिछले दो-तीन दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को भी तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
भीषण गर्मी का असर बाजारों और सड़कों पर भी साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय शहर की प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकलते नजर आए। गर्मी के साथ बिजली की आंख-मिचौनी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। घरों में पंखे चलने के बावजूद उमस और पसीने से राहत नहीं मिल रही है।
लोगों का कहना है कि इस तरह की तेज गर्मी लंबे समय बाद देखने को मिल रही है। पिछले वर्ष भी गर्मी पड़ी थी, लेकिन इस बार की स्थिति अधिक गंभीर महसूस हो रही है। शहर के कई इलाकों में रोजाना हो रही बिजली कटौती अब आम समस्या बन गई है। खासकर दोपहर के समय बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी का असर अस्पतालों में भी देखने को मिल रहा है। सदर अस्पताल में प्रतिदिन लू, डायरिया और बुखार से पीड़ित सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि बढ़े हुए लोड और तकनीकी कारणों की वजह से ट्रिपिंग की समस्या हो रही है, जबकि आम जनता इसे विभागीय लापरवाही मान रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर