Explore

Search

May 23, 2026 1:55 am

सिवान : भूमि विवाद मामले में पूर्व मुखिया साबिर मियां पटना से गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजे गए

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

भूमि कब्जा, मारपीट और सीसीटीवी तोड़फोड़ मामले में हुई कार्रवाई


  • पटना के पारस अस्पताल से एसटीएफ व सिवान पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल
  • भूमि विवाद मामले में पूछताछ जारी
  • गिरफ्तारी के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मी तेज

सिवान: रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब के करीबी तथा महादेवा थाना क्षेत्र के ओरमा निवासी पूर्व मुखिया साबिर मियां को भूमि विवाद मामले में स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार की रात पटना से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे सिवान लाया गया, जहां पूछताछ के बाद शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जिला पुलिस ने एसटीएफ की सहायता से पटना स्थित पारस अस्पताल से साबिर मियां को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह अपनी भतीजी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिली और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया। इस कार्रवाई में एसटीएफ तथा पटना पुलिस की टीम भी शामिल रही।
शुक्रवार सुबह कोर्ट में पेशी के दौरान उसके समर्थक भी परिसर में पहुंचे थे, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने किसी को भी बातचीत की अनुमति नहीं दी। कोर्ट खुलते ही पेशी कराई गई और बाद में उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला महादेवा थाना क्षेत्र के झुलापुर हाईवे के समीप स्थित एक भूमि विवाद से जुड़ा है। चिकित्सक डॉ. सुधा सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई, विरोध करने पर मारपीट की गई तथा सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए। डॉ. सुधा सिंह, डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी हैं, जो वर्तमान में गोरखपुर के सहारा स्टेट क्षेत्र में रहते हैं।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही थी, लेकिन सभी आरोपित फरार बताए जा रहे थे। इस मामले में रघुनाथपुर विधायक ओसामा शहाब की गिरफ्तारी पर पटना हाई कोर्ट ने पहले ही रोक लगा दी है। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि जमीन कब्जाने की नीयत से समर्थकों को भेजकर घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें साबिर मियां की भूमिका महत्वपूर्ण थी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर