✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
आरपीएफ की कार्रवाई, चोरी की 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट बरामद
- मालगोदाम रेलवे साइडिंग से हुई थी सीमेंट चोरी
- आरपीएफ ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार
- चोरी की गई सीमेंट की कीमत करीब 20 हजार रुपये
- गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
सिवान: सिवान मालगोदाम स्थित रेलवे साइडिंग से 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट चोरी मामले में आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र के मालचक निवासी सोनू कुमार तथा नगर थाना क्षेत्र के सिसवन ढाला टावर के पास वार्ड संख्या-39 निवासी संजय गोंड के रूप में हुई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि आठ एवं नौ मई की मध्य रात्रि करीब 12 बजे से सुबह चार बजे के बीच अज्ञात चोरों द्वारा मालगोदाम साइडिंग से कुल 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट की चोरी कर ली गई थी।
मामले को लेकर 12 मई को रियान वेंचर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सह महादेवा थाना क्षेत्र के बिंदुसार बुजुर्ग निवासी नवल किशोर शर्मा द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बताया गया कि आठ मई को प्रिज्म कंपनी का सीमेंट रैक मालगोदाम के लाइन नंबर तीन पर पहुंचा था। इसके बाद कंपनी प्रतिनिधि और कर्मचारियों द्वारा सभी वैगनों की जांच की गई, जिसमें सभी सील सही पाई गईं।
जांच के बाद मजदूरों द्वारा सीमेंट को अनलोड कर मालगोदाम साइडिंग में डंप किया गया। बाद में ट्रकों के माध्यम से सीमेंट को कंपनी के गोदाम भेजा गया। मिलान करने पर 60 बोरी सीमेंट कम पाई गई। इसके बाद चोरी की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
आरपीएफ के अनुसार चोरी हुई सीमेंट की कीमत करीब 20 हजार 400 रुपये बताई गई है। गुरुवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि चोरी की गई सीमेंट ट्रैक्टर पर लदी हुई मालगोदाम के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल आरपीएफ मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

