Explore

Search

May 14, 2026 12:25 am

सिवान : 32 मोबाइल बरामद कर एसपी ने मालिकों को सौंपा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

आपरेशन मुस्कान के तहत वैज्ञानिक अनुसंधान से मिली सफलता


  • डेढ़ माह में पुलिस ने 32 खोए मोबाइल किए बरामद
  • बरामद मोबाइलों की कीमत छह से आठ लाख रुपये के बीच
  • एसपी कार्यालय में असली हकदारों को लौटाए गए मोबाइल
  • मोबाइल खोने पर तुरंत थाना में शिकायत करने की अपील

सिवान: पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर चलाए जा रहे आपरेशन मुस्कान के तहत गठित विशेष टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 32 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बुधवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
इस संबंध में एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को अपने सामान से भावनात्मक जुड़ाव होता है। ऐसे में खोए हुए मोबाइल को वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी सहायता के आधार पर पिछले डेढ़ माह के भीतर अलग-अलग स्थानों से कुल 32 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत छह से आठ लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
एसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल या अन्य जरूरी सामान खो जाता है तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना में दें। साथ ही यदि किसी को लावारिस स्थिति में मोबाइल या कोई अन्य सामान मिलता है तो उसका इस्तेमाल करने के बजाय उसे नजदीकी थाना में जमा करा दें, ताकि उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जा सके।
आपरेशन मुस्कान के तहत सिवान पुलिस लगातार खोए हुए मोबाइल और अन्य सामान को बरामद कर लोगों को वापस दिलाने का काम कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर