Explore

Search

May 14, 2026 12:21 am

बड़हरिया : कोचिंग क्लास पर बम से हमला, पांच छात्र-छात्राएं घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

क्लास चलने के दौरान करकट की छत पर फेंका गया बम, मची अफरा-तफरी


  • बड़हरिया के गौसी हाता गांव स्थित एक्सपर्ट कोचिंग क्लासेस में हुई घटना
  • 12वीं के 25 से 30 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे
  • बम विस्फोट से करकट टूटकर क्लास के अंदर गिरा
  • पांच छात्र-छात्राएं बारूद के छींटे से घायल, निजी क्लीनिक में इलाज

बड़हरिया (सिवान) में बुधवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थाना क्षेत्र के गौसी हाता गांव स्थित एक्सपर्ट कोचिंग क्लासेस पर अज्ञात बदमाशों ने बम से हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब क्लास के अंदर 12वीं कक्षा के करीब 25 से 30 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने कोचिंग क्लास की करकट नुमा छत पर बम फेंक दिया। विस्फोट होते ही करकट टूटकर क्लास के अंदर गिर पड़ा, जिससे छात्रों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना में चांदनी कुमारी, निक्की कुमारी, गोल्डी कुमारी, अरुणा कुमारी, साजिद अली एवं सुमैया खातून घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी को बारूद के छींटे लगे, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। घायलों को तत्काल पास के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर दीपू कुमार ने बताया कि किसी छात्र के कमर, किसी के हाथ तो किसी के सिर में हल्की चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना अध्यक्ष छोटन कुमार एवं एसआई अनु प्रिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका था।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा शरारती तत्वों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर