✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
डॉक्टर दंपती की जमीन विवाद मामले में हाईकोर्ट से मिली राहत
- पटना हाईकोर्ट ने ओसामा शाहब की गिरफ्तारी पर लगाई रोक
- गिरफ्तारी के लिए पटना स्थित MLA फ्लैट पहुंची थी सीवान पुलिस
- डॉक्टर दंपती की जमीन कब्जा मामले में दर्ज है FIR
- केस की अगली सुनवाई 17 जून को होगी
पटना हाईकोर्ट ने सीवान के रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। हाईकोर्ट ने सीवान कोर्ट के फैसले को पलटते हुए यह अंतरिम राहत दी। बताया जा रहा है कि कोर्ट के आदेश से ठीक पहले सीवान पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पटना स्थित उनके सरकारी आवास पहुंची थी।
मामला सीवान के महादेवा इलाके में जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि एक डॉक्टर दंपती की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद FIR दर्ज कराई गई। इस मामले में विधायक ओसामा शाहब का नाम सामने आया था। ओसामा, दिवंगत पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के पुत्र हैं।
जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट ने मामले में पुलिस से केस डायरी तलब की है। तत्काल केस डायरी उपलब्ध नहीं होने के कारण कोर्ट ने गिरफ्तारी पर स्टे ऑर्डर जारी कर दिया। मामले की अगली सुनवाई 17 जून को न्यायमूर्ति सत्यव्रत वर्मा की बेंच में होगी।
इधर, ओसामा शाहब की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को सीवान पुलिस पटना पहुंची थी। सीवान SDPO अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित MLA फ्लैट में छापेमारी की। हालांकि, विधायक अपने सरकारी आवास पर मौजूद नहीं मिले।
पुलिस को आवास के अंदर विधायक के कुछ करीबी लोग मिले, जिनसे पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार, मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि मामले में हाईकोर्ट से स्टे मिल चुका है। इसके बाद पुलिस ने संबंधित दस्तावेजों की मांग की। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक सीवान पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

