Explore

Search

May 13, 2026 5:00 pm

सिवान : घर लौटते वक्त हादसा, सगाई की खुशियां मातम में बदलीं

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसे में सिवान के सुरेंद्र चौधरी की मौत


सिवान : बड़हरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में उस समय मातम पसर गया, जब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गांव निवासी सुरेंद्र चौधरी की मौत की खबर पहुंची। हादसे में परिवार के छह अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों के बीच कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान माधोपुर गांव निवासी बच्चू लाल चौधरी के पुत्र सुरेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 12 मई को उनकी पुत्री मनीषा चौधरी की सगाई होने वाली थी। परिवार इसी खुशी के मौके पर गुजरात के सूरत से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। जो घर खुशियों और तैयारियों से गुलजार होने वाला था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, रविवार की शाम करीब सात बजे हादसे की सूचना गांव पहुंची। खबर मिलते ही परिवार के सदस्य रोने-बिलखने लगे। मृतक के छोटे भाई राजेश चौधरी, मामा धनेश्वर चौधरी समेत अन्य रिश्तेदार तत्काल निजी वाहन से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र चौधरी पिछले करीब 25 वर्षों से गुजरात के सूरत में वेल्डिंग वर्कशॉप चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। वे परिवार के साथ वहीं निजी मकान में रहते थे। हर वर्ष मई-जून के दौरान अपने गांव माधोपुर आया-जाया करते थे। उनका छोटा भाई गांव में रहकर खेती-बारी और घर की देखरेख करता है।
बताया जा रहा है कि हादसा रविवार की शाम पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आदमपुर नौबस्ता गांव के पास हुआ। सुरेंद्र चौधरी अपने परिवार के साथ निजी कार से सूरत से सिवान आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार को उनका 19 वर्षीय पुत्र निखिल चौधरी चला रहा था।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं सुरेंद्र चौधरी की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर