Explore

Search

May 13, 2026 4:59 pm

भगवानपुर हाट : दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत कई पर केस

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

कमरे से बरामद हुआ विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी


सिवान : भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सहसराव पंचायत अंतर्गत मुंदीपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को एक घर में छापेमारी कर विवाहिता का शव बरामद किया। मृतका की पहचान मुंदीपुर गांव निवासी लव कुमार पांडेय की पत्नी ममता कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, ममता कुमारी की शादी वर्ष 2024 में 22 अक्टूबर को सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के सेमरहा गांव निवासी साहेब पाठक की पुत्री के रूप में लव कुमार पांडेय से हुई थी। मृतका के पिता साहेब पाठक ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और आखिरकार उसकी हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद भगवानपुर हाट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि रामावतार पांडेय की बहू ममता कुमारी का शव उसके कमरे में पड़ा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में छापेमारी कर शव को बरामद किया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के गर्दन पर काला निशान पाया है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे एसआई अनिल कुमार सिंह और पीएसआई पूजा कुमारी ने दलबल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को मृतका के कमरे से एक पुराना जंग लगा कारतूस का खोखा तथा बीयर के दो खाली केन भी बरामद हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए कुछ सामान अपने साथ ले गई।
मृतका के पिता साहेब पाठक ने मामले में पति लव कुमार पांडेय, अनिल पांडेय, सुनील पांडेय, सुधीर पांडेय, कविता कुमारी तथा गोपालगंज जिले के खोरमपुर गांव निवासी दयानंद पांडेय को आरोपित किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति लव कुमार पांडेय और ननद कविता कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर