Explore

Search

May 13, 2026 4:59 pm

चैनपुर : फरमाइशी गीत विवाद में युवक हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

विवाह समारोह में गीत बजाने को लेकर हुआ था विवाद, चाकूबाजी में युवक की गई थी जान


सिवान : चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव में विवाह समारोह के दौरान फरमाइशी गीत बजाने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सात मई को नगई गांव निवासी रिशुन साह के घर विवाह समारोह आयोजित था। शादी समारोह के दौरान फरमाइशी गीत बजाने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया।
इस घटना में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश साह के पुत्र मनीष कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद इलाके में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। चैनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगई गांव निवासी भीम यादव के पुत्र राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष विजयरंजन कुमार ने बताया कि हत्या मामले में अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर