✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
भगवानपुर हाट में बोले सांसद, बिहार सरकार को बताया संतुलित और विकासोन्मुख
- पश्चिम बंगाल की राजनीति पर सांसद ने दिया बड़ा बयान
- शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई
- बिहार मंत्रिमंडल को बताया संतुलित
-
प्रशासन को जनता के सम्मान और सुरक्षा का दिया संदेश
सिवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय बाजार स्थित समर्थक रवि कुमार के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और बिहार सरकार को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए।
सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल अब पहली बार राजनीति के काले साए से मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वहां की जनता ने कुशासन की सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। मतदाताओं को मतदान का अवसर मिलते ही उन्होंने ममता बनर्जी सरकार के तख्त को पलट दिया। सांसद ने दावा किया कि अब पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र बहाल होगा और जनता को भयमुक्त वातावरण मिलेगा।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य में विकास और सुशासन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही महाराजगंज संसदीय क्षेत्र के भगवानपुर हाट प्रखंड अंतर्गत चोरौली गांव निवासी रितेश तिवारी के काशीपुर बेलगछिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक निर्वाचित होने पर भी बधाई दी।
बिहार मंत्रिमंडल के गठन पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि राज्य सरकार का मंत्रिमंडल पूरी तरह संतुलित है और सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सामाजिक संतुलन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और इसमें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
सांसद ने कहा कि मंत्रिमंडल गठन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति बिहार के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार सरकार में सभी कार्य सुचारू रूप से संचालित होंगे और जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की सलाह देते हुए कहा कि जनता का कार्य समय पर होना चाहिए और किसी के साथ अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराध नियंत्रण को पुलिस की जिम्मेदारी बताते हुए सांसद ने कहा कि समाज में भय का माहौल नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर सियाराम प्रसाद, जग नारायण प्रसाद, रोहित श्रीवास्तव, हरेंद्र प्रसाद सहित कई लोग उपस्थित थे।

