Explore

Search

May 25, 2026 5:44 pm

सिवान : 25 फरियादियों ने एसपी को सुनाई पीड़ा, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

जनता दरबार में मारपीट, भूमि विवाद और धोखाधड़ी के मामले पहुंचे


सिवान : पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा द्वारा गुरुवार को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 25 फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने से संबंधित पहुंचे। एसपी ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बताया जाता है कि जनता दरबार में आए दो दर्जन से अधिक मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा किया गया। वहीं कुछ मामलों में लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने पर एसपी ने संबंधित थानाध्यक्षों को फोन कर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों की संख्या सबसे अधिक रही। फरियादियों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय की मांग की। एसपी ने संबंधित थानों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने कहा कि नियमित रूप से आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश संबंधित थानाध्यक्षों को दिया गया है।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने भी अपनी समस्याओं को सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने की व्यवस्था की सराहना की। वहीं पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर