Explore

Search

June 20, 2026 4:38 am

जीरादेई : हथियार के बल पर आभूषण लूट मामले की जांच को जामापुर पहुंचे डीआईजी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

व्यवसायियों को सुरक्षा का भरोसा, कहा- सुरक्षा देना पुलिस का कर्तव्य


सिवान : जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साईं बर्तन भंडार में हुई लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण लूट मामले की जांच को लेकर सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार गुरुवार की शाम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली तथा व्यवसायियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
बताया जाता है कि छह मई की दोपहर तीन बाइक पर सवार छह हथियारबंद बदमाशों ने दुकान में घुसकर हथियार के बल पर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकद की लूट कर ली थी। घटना को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की थी, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी।
घटनास्थल पर पहुंचे डीआईजी ने स्थानीय व्यवसायियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को मामले के शीघ्र उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


डीआईजी के पहुंचने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
इधर, दिनदहाड़े हुई लूट और फायरिंग की घटना से स्वर्ण व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखा गया। विरोध स्वरूप गुरुवार को जामापुर बाजार के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।


घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया, उससे आम लोगों में भय का माहौल है। वहीं पुलिस प्रशासन लगातार इलाके में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की तलाश में जुटा हुआ है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर