Explore

Search

May 7, 2026 5:18 pm

जामापुर ज्वेलरी लूटकांड में एक बदमाश गिरफ्तार, चार टीमों की छापेमारी जारी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

घटनास्थल पहुंचे एसपी पूरण कुमार झा, पुलिस अभिरक्षा में आरोपी का चल रहा इलाज


  • जामापुर बाजार की ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े हुई लूट
  • स्थानीय व्यवसायियों की मदद से एक आरोपी पकड़ा गया
  • घटनास्थल से कारतूस, खोखा और खाली मैगजीन बरामद
  • अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें कर रहीं छापेमारी

सिवान: जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में बुधवार की दोपहर हथियार के बल पर हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 6 मई 2026 को जीरादेई थाना को सूचना मिली कि जामापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में दोपहर करीब दो बजे कुछ अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया।
घटना के दौरान स्थानीय व्यवसायियों की सतर्कता से एक अपराधी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू कुमार यादव, पिता धनंजय यादव, ग्राम भगवानपुर, थाना सिसवन, जिला सिवान के रूप में हुई है। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, मैरवा के नेतृत्व में रघुनाथपुर, सिसवन, चैनपुर और असांव थाना क्षेत्रों में चार विशेष टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटनास्थल से एक खाली मैगजीन, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा भी बरामद किए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि मामले के त्वरित उद्भेदन और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर