✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
तेल खत्म होने से कई पंप बंद, वाहन चालकों और किसानों की बढ़ी परेशानी
- सिसवन के छह पेट्रोल पंपों में केवल दो पर मिल रहा तेल
- कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने से लटके ताले
- ग्रामीण इलाकों के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित
- सप्लाई बाधित होने को वजह बता रहे पंप संचालक
सिसवन (सिवान): प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत से आमजन परेशान हैं। हालात यह हैं कि सिसवन के छह पेट्रोल पंपों में केवल दो पंपों पर ही तेल उपलब्ध है, जबकि बाकी पंप स्टॉक खत्म होने के कारण बंद पड़े हैं।
तेल की कमी के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचने के बाद निराश होकर वापस लौट रहे हैं। खासकर सिसवन, ग्यासपुर, साईपूर, कचनार और भागर समेत दक्षिणी क्षेत्रों के गांवों के लोग इस संकट से अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक उत्पन्न हुई इस समस्या से दैनिक जीवन और कामकाज प्रभावित हो रहा है। किसानों को कृषि कार्य में परेशानी हो रही है, जबकि व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है।
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार सप्लाई में कमी के कारण यह स्थिति बनी है। उनका कहना है कि जल्द ही आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है, जिसके बाद सभी पंपों पर तेल उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

