Explore

Search

June 20, 2026 4:38 am

जीरादेई के जामापुर बाजार में दिनदहाड़े लूट, फायरिंग से दहशत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • 5 हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान में की लूटपाट
  • दहशत फैलाने के लिए करीब 10 राउंड फायरिंग
  • दुकानदारों की बहादुरी से एक लुटेरा दबोचा गया
  • 300 ग्राम सोना, 9 किलो चांदी और नकदी लूटने का आरोप
  • सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

सिवान: जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े हुई लूट और फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद बदमाशों ने ओम साई बर्तन भंडार में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी लूट ली। वारदात के दौरान अपराधियों ने बाजार में दहशत फैलाने के लिए करीब 10 राउंड फायरिंग भी की, जिससे अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने हथियार के बल पर दुकान में रखा लगभग 300 ग्राम सोना, करीब 9 किलो चांदी और नकदी लूट ली। लूटे गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए भागने लगे।
इसी दौरान स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए एक अपराधी को मौके पर ही पकड़ लिया। लोगों ने उसे घेरकर दबोच लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित दुकानदार टिंकू सोनी ने बताया कि शादी का सीजन होने के कारण दुकान में काफी मात्रा में गहने रखे हुए थे, जिन्हें अपराधी लूटकर फरार हो गए। उन्होंने जीरादेई थाने में पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि सोने-चांदी की दुकान में लूट की घटना हुई है। दुकानदारों की मदद से एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। वहीं, एसडीपीओ गौरी कुमारी ने कहा कि गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्ती के बावजूद अपराधी खुलेआम फायरिंग करते हुए लूटपाट कर फरार हो गए, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में जिले में चर्चित आंदर ढाला गोलीकांड के आरोपियों का पुलिस एनकाउंटर हुआ था। इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं और लगातार आपराधिक घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर