✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बसंतपुर में स्कूटी सवार तीन बदमाशों का आतंक, धारदार हथियार से वार कर छात्र को किया घायल
- कोचिंग से लौट रहे छात्र से बदमाशों ने की लूटपाट
- विरोध करने पर धारदार हथियार से किया हमला
- घायल छात्र का स्वास्थ्य केंद्र में हुआ इलाज
- पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक छात्र से लूटपाट की घटना सामने आई है। खोरीपकड़ बाजार स्थित धारीक्षणा बाबा मंदिर के समीप स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने छात्र के गले से लाकेट छीन लिया।
जानकारी के अनुसार, उज्जैना गांव निवासी मिंटू कुमार कोचिंग से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया और लूटपाट शुरू कर दी। छात्र द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से उसके हाथ पर वार कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल छात्र को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही इसमें शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


