Explore

Search

May 5, 2026 7:02 pm

आंदर : नाद-खूंटा विवाद में मारपीट, कृष्णा साह की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

आंदर के मियां के भटकन गांव में हुई घटना


  • नाद-खूंटा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद
  • लाठी-डंडे से मारपीट में दो लोग गंभीर घायल
  • इलाज के दौरान एक व्यक्ति की रास्ते में मौत
  • पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर शुरू की जांच

आंदर (सिवान): आंदर थाना क्षेत्र के मियां के भटकन गांव में रविवार की संध्या नाद-खूंटा गाड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान कृष्णा साह (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि चंदन कुमार साह (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा साह और शिवप्रसाद साह के बीच घर के पास नाद-खूंटा गाड़ने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंदर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिवान सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने कृष्णा साह की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही रविवार रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आंदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद सोमवार सुबह परिजनों को सौंप दिया।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पक्ष से पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवप्रसाद साह और उनकी पत्नी रामावती देवी के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि नाद-खूंटा गाड़ने को लेकर हुए विवाद में मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घायल चंदन कुमार साह ने अपने बयान में बताया कि 3 मई को वह अपने भाई के साथ दरवाजे पर खड़े थे, तभी आरोपित पक्ष के लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। बीच-बचाव के बावजूद दोनों भाइयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर