Explore

Search

May 4, 2026 7:31 pm

सिवान : ट्रक की टक्कर से बाइक सवार नौशाद साई की मौत, दूसरा घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

घर लौटते वक्त दर्दनाक हादसा, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर


  • चांप ढाला के पास ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
  • बाइक चला रहा साथी घायल, सदर अस्पताल में इलाज जारी
  • मृतक की पहचान नौशाद साई (23) के रूप में
  • हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार

सिवान: सराय थाना क्षेत्र के चांप ढाला के समीप शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्वजनों में कोहराम छा गया।
स्थानीय लोगों द्वारा डायल 112 को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नौशाद साई को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चांप दक्षिण पट्टी निवासी आलम साईं के 23 वर्षीय पुत्र नौशाद साई के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नौशाद अपने एक साथी के साथ बाइक से शहर से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चांप ढाला के समीप पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठे नौशाद सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक मामूली रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुटने लगी, जिसका फायदा उठाकर ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरदिया मोड़ से चांप ढाला तक सड़क की हालत बेहद खराब है और इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर