Explore

Search

May 4, 2026 7:29 pm

तरवारा गोलीकांड में कार्रवाई: नामजद आरोपित निक्की कुमार गिरफ्तार, भेजा गया जेल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बरात के दौरान कैमरा मैन को मारी गई थी गोली, पुलिस की लगातार छापेमारी जारी


  • उसरी गांव में बरात के दौरान हुई थी फायरिंग
  • कैमरा मैन नितिन कुमार को लगी थी गोली
  • नामजद आरोपित निक्की कुमार गिरफ्तार
  • अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी तेज

सिवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उसरी गांव में 30 अप्रैल को बरात निकलने के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस कांड के नामजद आरोपित निक्की कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने बरात के दौरान कैमरा मैन सह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल निवासी बंधु प्रसाद के पुत्र नितिन कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
मामले में पीड़ित के पिता बंधु प्रसाद ने थाना में आवेदन देकर करीब आधा दर्जन बदमाशों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में पहले ही उसरी गांव के सुमित उर्फ बिकी गिरी, संदीप प्रसाद सिंह और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसी कड़ी में आगे की जांच के दौरान पुलिस ने जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा कोइरी टोला निवासी नामजद अभियुक्त निक्की कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में कांड के अनुसंधानकर्ता अवर निरीक्षक रामा शंकर साह ने बताया कि मामले में फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर