✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
आंदर ढाला कांड में पुलिस कार्रवाई तेज, मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर, दो अब भी फरार
- 29 अप्रैल की घटना के बाद पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई
- लकड़ी मीरगंज रोड पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़
- मुख्य आरोपी सोनू यादव की इलाज के दौरान मौत
- मामले में कुल 5 नामजद, 2 गिरफ्तार, 2 अभी फरार
सिवान: जिले के आंध्र ढाला के समीप 29 अप्रैल 2026 को हुई आपराधिक घटना को लेकर सिवान पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि घटना के बाद पहले ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका था।
उन्होंने बताया कि बीते दिन पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस घटना के नामजद आरोपी अपने साथियों के साथ लकड़ी मीरगंज सड़क पर देखे गए हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम (एसआईडी) का गठन कर छापेमारी की गई। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, दो मोटरसाइकिल पर सवार अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग रुकने के बाद जब पुलिस टीम ने घटनास्थल की तलाशी ली, तो एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कुख्यात अपराधी सोनू यादव के रूप में हुई है।
एसपी पूरण कुमार झा ने बताया कि इस मामले में कुल पांच नामजद अभियुक्त हैं। इनमें से दो को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी मुठभेड़ में मारा गया है। अब भी दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी शेष है, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सोनू यादव के आपराधिक इतिहास पर प्रकाश डालते हुए एसपी ने बताया कि उसके खिलाफ 12 से अधिक संगीन मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता हमेशा अपराधियों की गिरफ्तारी और उन्हें सजा दिलाने की होती है, लेकिन यदि पुलिस पर हमला होता है तो आत्मरक्षा में कार्रवाई की जाती है।
इस मामले में प्रयुक्त वाहन के संबंध में जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई Hyundai Venue कार को जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक सुनील यादव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी ने कहा कि जैसे-जैसे आगे गिरफ्तारी होगी, मामले से जुड़े और भी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

