Explore

Search

May 3, 2026 7:15 pm

आंदर ढाला गोलीकांड : पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी सोनू यादव की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

साइड लेने के विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल


  • आंदर ढाला गोलीकांड का पुलिस ने किया त्वरित उद्भेदन
  • दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार, मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया
  • पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ इनामी अपराधी
  • मृतक सोनू यादव पर हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे

सिवान: जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित आंदर ढाला गोलीकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह कार्रवाई सिवान पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।
घटना 29 अप्रैल 2026 की है, जब आंदर ढाला के पास सड़क पर साइड लेने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक रूप ले बैठा और अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी। इस वारदात में हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों—छोटू यादव और सुनील यादव—को गिरफ्तार कर लिया।


जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इस कांड का मुख्य आरोपी सोनू यादव मैरवा थाना क्षेत्र के पचलखी बाजार में अपने साथियों के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी की, लेकिन आरोपी वहां से फरार होकर बड़हरिया की ओर निकल गए।
इसी क्रम में लकड़ी बाजार जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम का सामना अपराधियों से हुआ। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में कार्रवाई की। दोनों ओर से दो-दो राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया।


घायल को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सोनू यादव (पिता- गरजु यादव, निवासी- सरैया, थाना- हुसैनगंज) के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोनू यादव एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दर्जनों मामले दर्ज थे। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर