Explore

Search

June 20, 2026 10:46 am

पूर्व एमएलसी के भांजे की हत्या करने वाला बदमाश एनकाउंटर में घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

रोडरेज विवाद बना हत्या की वजह, पुलिस की त्वरित कार्रवाई


  • सिवान में पूर्व एमएलसी के भांजे की गोली मारकर हत्या
  • बहनोई गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में इलाज जारी
  • मुख्य आरोपी छोटू यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
  • रोड पर साइड लेने के विवाद से शुरू हुआ था पूरा मामला

सिवान: नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला स्थित कमला प्रेस के पास बुधवार की देर शाम हुई सनसनीखेज फायरिंग और हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है।
घटना में पूर्व एमएलसी सह कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके बहनोई चंदन कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की शुरुआत सड़क पर साइड लेने को लेकर हुए विवाद से हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में उसके साथ तीन अन्य बदमाश भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना के संबंध में मनोज कुमार सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे अपनी भांजी के तिलक समारोह में शामिल होने कमला प्रेस पहुंचे थे। इसी दौरान एक कार ने उनकी खड़ी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ और बदमाशों ने गोलीबारी कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर