✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
शादी से पहले गांव में हाईवोल्टेज ड्रामा, थाने तक पहुंचा मामला
- युवक के तिलक के बाद घर पहुंची युवती
- प्रेम संबंध और शादी के वादे का किया दावा
- शादी रोकने की मांग, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
- गांव से थाना तक घंटों चला हंगामा
मैरवा (सिवान): थाना क्षेत्र के सैनीछापर गांव में बुधवार को एक युवक की शादी की तैयारियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब के लुधियाना से एक युवती अचानक उसके घर पहुंच गई और खुद को उसकी प्रेमिका बताते हुए शादी का विरोध करने लगी।
जानकारी के अनुसार सैनीछापर गांव निवासी श्रीराम दुबे के पुत्र अजीत कुमार दुबे का तिलक समारोह 28 अप्रैल की रात संपन्न हुआ था और 1 मई को उसकी बारात जानी तय है। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे।
इसी बीच बुधवार को युवती वहां पहुंची और अजीत कुमार दुबे के साथ अपने प्रेम संबंध का दावा करते हुए कहा कि दोनों के बीच करीब एक साल से रिश्ता था। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन अब परिवार के दबाव में दूसरी जगह शादी कर रहा है।
युवती के अचानक पहुंचने और आरोप लगाने से पूरे गांव में हलचल मच गई। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और मामला धीरे-धीरे बढ़कर थाने तक पहुंच गया।
गुस्साई युवती ने साफ कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह कानूनी कार्रवाई करेगी। वहीं, युवक पक्ष के लोग मामले को शांत कराने में जुटे रहे। इस पूरे घटनाक्रम के कारण गांव में घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

