✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- विकास, उद्योग और बुनियादी सुविधाओं पर हुई चर्चा
- जिले के विकासात्मक मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया
- विश्वविद्यालय, फूड प्रोसेसिंग व इथेनॉल प्लांट की मांग
- बिजली व्यवस्था और शहर सौंदर्यीकरण पर जोर
- आधारभूत संरचना व रोजगार सृजन पर विशेष आग्रह
सिवान: बिहार के नव-नियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें राज्य के समग्र विकास, सुशासन को मजबूत बनाने और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष ने सिवान जिले की विभिन्न समस्याओं और विकासात्मक आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने जिले में राजेंद्र विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की, जिसमें प्रोफेशनल कोर्सेज और उद्यमिता प्रशिक्षण की भी व्यवस्था हो। साथ ही जिले में सब्जियों और मक्का के प्रचुर उत्पादन को देखते हुए फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री और इथेनॉल संयंत्र स्थापित करने का सुझाव दिया।
उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन राम जानकी पथ से ऐसे उद्योगों को विशेष लाभ मिलेगा। इसके अलावा बिजली व्यवस्था की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पर्व-त्योहारों के समय बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी होती है, जिसे सुधारना आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष ने शहर के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया और कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भू-गर्भ जल संरक्षण में भी मदद मिल सकती है। उन्होंने आधारभूत संरचना के विकास, सड़कों की स्थिति में सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति करेगा और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

