✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- थाना मोड़ पर करीब एक घंटे तक चला विवाद
- सड़क पर खड़ी बाइक से लगा जाम
- महिला सिपाही ने खींची फोटो, युवक हुआ नाराज़
- दरोगा और युवक के बीच धक्का-मुक्की व बहस
- दरोगा के माफी मांगने के बाद मामला शांत
सिवान: नगर थाना क्षेत्र के थाना मोड़ पर बुधवार की दोपहर एक बाइक सवार युवक और यातायात थाना के दरोगा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। जानकारी के अनुसार एक युवक कपड़ा खरीदने के लिए अपनी बाइक सड़क पर खड़ी कर दुकान में चला गया, जिससे मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही ने वरीय पदाधिकारी को सूचित करने के लिए सड़क पर खड़ी बाइक की तस्वीर खींच ली। इसी बात से युवक नाराज़ हो गया और मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताने लगा।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे यातायात दरोगा से भी युवक की कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे धक्का-मुक्की और तीखी बहस में बदल गई। युवक का आरोप था कि दरोगा ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए थप्पड़ मारा, जिसके बाद वह माफी की मांग पर अड़ा रहा।
स्थानीय लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी रहा। अंततः स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए दरोगा ने युवक से माफी मांग ली, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
इस घटना के कारण लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक का समर्थन किया और पुलिस के व्यवहार पर नाराज़गी जताई।

