✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
आंबेडकर भवन में दो सत्रों में होगा आयोजन, विजेताओं को मिलेगा आकर्षक पुरस्कार
- उर्दू भाषा के प्रोत्साहन हेतु 30 अप्रैल को प्रतियोगिता
- आंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में होगा आयोजन
- मैट्रिक, इंटर व स्नातक वर्ग के छात्र लेंगे भाग
- विजेताओं को प्रोत्साहन राशि व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे
सिवान: उर्दू भाषी विद्यार्थियों में पढ़ने-लिखने की रुचि एवं क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से उर्दू भाषण प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 30 अप्रैल को किया जाएगा। यह प्रतियोगिता आंबेडकर भवन स्थित संवाद कक्ष में आयोजित होगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के उप निदेशक सह जिला उर्दू कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यह आयोजन उर्दू भाषी विद्यार्थी प्रोत्साहन राज्य योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। प्रतियोगिता दो सत्रों में आयोजित होगी—पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में मैट्रिक/समकक्ष, इंटर/समकक्ष एवं स्नातक/समकक्ष वर्ग के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी उर्दू निदेशालय, बिहार पटना द्वारा निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
प्रतियोगिता में प्रत्येक वर्ग से चयनित प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मैट्रिक वर्ग में प्रथम स्थान पर 4500 रुपये, द्वितीय स्थान पर तीन प्रतिभागियों को 3500 रुपये तथा तृतीय स्थान पर चार प्रतिभागियों को 2500 रुपये प्रदान किए जाएंगे।
इसी प्रकार इंटर वर्ग में प्रथम स्थान पर 5500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 4500 रुपये और तृतीय स्थान पर 3500 रुपये दिए जाएंगे। वहीं स्नातक वर्ग में प्रथम स्थान पर 6500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 5500 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 4500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन जिलाधिकारी द्वारा नामित शिक्षाविदों की टीम करेगी। विजेताओं को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

