Explore

Search

April 29, 2026 12:59 pm

₹19000 के लिए बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचा भाई

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

ओडिशा के क्योंझर में हैरान करने वाली घटना, जांच के आदेश और आर्थिक सहायता की घोषणा


  • पैसे निकालने के लिए भाई कंकाल लेकर बैंक पहुंचा
  • बैंक कर्मियों और ग्राहकों में मची हलचल
  • प्रशासन ने जांच के दिए आदेश, सहायता भी दी
  • घटना पर मंत्री ने जताई गंभीर चिंता

ओडिशा: क्योंझर जिले में सोमवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब 52 वर्षीय जीतू मुंडा अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गए। यह घटना ओडिशा ग्रामीण बैंक की पाटना ब्लॉक स्थित मल्लीपोशी शाखा में हुई, जहां मौजूद कर्मचारी और ग्राहक इस दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए।
जानकारी के अनुसार, जीतू मुंडा अपनी बहन कलरा मुंडा के खाते से 19,300 रुपये निकालना चाहते थे। उनकी बहन की दो महीने पहले मृत्यु हो चुकी थी। आरोप है कि कई बार बैंक जाने के बावजूद जब उनकी बात नहीं सुनी गई और मृत्यु प्रमाण पत्र व कानूनी वारिस के दस्तावेज मांगे गए, तो वह सबूत के तौर पर कंकाल लेकर बैंक पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि जीतू मुंडा तीन किलोमीटर दूर श्मशान घाट से अपनी बहन के अवशेष निकालकर बोरी में भरकर कंधे पर लादकर बैंक पहुंचे। इस घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और बीडीओ को सूचना दी। अधिकारियों के समझाने के बाद जीतू मुंडा वापस कंकाल को श्मशान घाट ले गए।
बैंक मैनेजर ने बताया कि नियमों के तहत मृत खाताधारक के पैसे निकालने के लिए कानूनी दस्तावेज जरूरी होते हैं और खाते के अन्य वारिस भी मौजूद थे। बाद में जांच के बाद खाते में जमा करीब 19,410 रुपये को कानूनी वारिसों में बांट दिया गया।
इस घटना पर ओडिशा के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और जिला कलेक्टर को जांच के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिला प्रशासन ने बयान जारी कर कहा कि नागरिकों की गरिमा की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है।
प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जीतू मुंडा को डिस्ट्रिक्ट रेड क्रॉस फंड से 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। साथ ही मृतका का मृत्यु प्रमाण पत्र और कानूनी वारिस प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर