Explore

Search

June 20, 2026 4:39 am

हुसैनगंज : गोपालपुर चेयरमैन इमाम जाकिर ने भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने का दिया आवेदन

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

गैरमजरूआ भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, चिल्ड्रेन पार्क निर्माण में बाधा


  • गोपालपुर की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग
  • चिल्ड्रेन पार्क निर्माण कार्य में बाधा का आरोप
  • मुख्य पार्षद पर जानलेवा हमले का भी उल्लेख
  • कई प्रशासनिक अधिकारियों को दिया गया आवेदन

हुसैनगंज अंचल के गोपालपुर स्थित एक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर नगर पंचायत गोपालपुर के मुख्य पार्षद इमाम जाकिर अंसारी ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने समाहर्ता सह जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अंचलाधिकारी हुसैनगंज एवं उपसमाहर्ता को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
अपने आवेदन में मुख्य पार्षद ने बताया कि संबंधित भूमि गैरमजरूआ खाते की है और प्रशासनिक स्वीकृति के बाद सर्वे नंबर 1910 में सरकारी राशि से चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग इस भूमि पर अवैध कब्जा जमाए हुए हैं और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपना दावा पेश कर रहे हैं।
इमाम जाकिर अंसारी ने यह भी कहा कि उक्त व्यक्तियों में शामिल हिसमत अंसारी एवं अन्य लोगों ने पार्क निर्माण का विरोध करते हुए उन पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में उन्होंने हुसैनगंज थाना में कांड संख्या 102/2026 दर्ज कराया है।
मुख्य पार्षद ने प्रशासन से मांग की है कि भूमि को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर