✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- पार्क निर्माण विवाद में फिर हिंसा, चेयरमैन घायल
- सार्वजनिक पार्क निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद
- घात लगाकर बैठे आरोपितों ने किया हमला
- रॉड और चाकू से घायल किए गए चेयरमैन
- पुलिस ने छह लोगों पर दर्ज की प्राथमिकी
सिवान: जिले के हुसैनगंज नगर पंचायत गोपालपुर के चेयरमैन इमाम जाकिर पर रविवार की सुबह आपसी विवाद को लेकर हमला कर दिया गया, जिसमें वे घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेयरमैन इमाम जाकिर अपने पुराने घर से चारपहिया वाहन से नए घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाजी के बागीचा के पास पहले से घात लगाए बैठे उनके ही गांव के छह लोगों ने अचानक उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया।
पीड़ित चेयरमैन के अनुसार, जैसे ही वे गाड़ी से उतरकर हमले का कारण पूछने लगे, आरोपितों ने रॉड और चाकू से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने इस संबंध में थाने में आवेदन देकर छह लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत कार्यालय के समीप सरकारी योजना के तहत सार्वजनिक पार्क का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे लेकर कुछ लोगों को आपत्ति है। इसी विवाद को हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 6 मार्च को चेयरमैन इमाम जाकिर अंसारी पर इसी मुद्दे को लेकर हमला हुआ था, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। उस समय भी उन्होंने कुछ लोगों पर जानलेवा हमले और धमकी देने का आरोप लगाया था। लगातार हो रही घटनाओं से यह मामला अब और गंभीर होता जा रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर सभी आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

