Explore

Search

April 24, 2026 7:55 pm

रघुनाथपुर : सोए हुए अवस्था में धर्मनाथ साह को बदमाशों ने मारी गोली, पीएमसीएच रेफर

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • मध्यरात्रि में बथान पर सो रहे वृद्ध पर हमला
  • करसर गांव में देर रात वारदात से दहशत
  • 4-5 अज्ञात बदमाशों ने चलाई गोली
  • गंभीर हालत में पहले सिवान, फिर पीएमसीएच पटना रेफर
  • पुलिस ने बयान लेकर छापेमारी शुरू की

सिवान: जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के करसर गांव में बुधवार की मध्य रात्रि एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बथान पर सो रहे एक वृद्ध को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घायल की पहचान गांव निवासी 60 वर्षीय धर्मनाथ साह के रूप में हुई है, जो जदयू के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साह के पिता हैं।
परिजनों के अनुसार, धर्मनाथ साह रात में भोजन करने के बाद सोने के लिए बथान पर चले गए थे। इसी दौरान करीब एक बजे रात में चार से पांच अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन पकड़े जाने के डर से बदमाश फरार हो गए। आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिवान सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें पटना के पीएमसीएच भेज दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रवि रंजन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर