Explore

Search

June 20, 2026 7:23 am

बड़हरिया : लूट का विरोध करने पर कलावती देवी की चाकू मारकर हत्या, गांव में दहशत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, रिश्तेदार की संलिप्तता की आशंका


न्यूज़ समरी:

  • पकवालिया गांव में लूट के दौरान महिला की हत्या
  • मृतका की पहचान कलावती देवी (35) के रूप
  • विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से किया हमला
  • पुलिस जांच में रिश्तेदार की संलिप्तता की भी आशंका

बड़हरिया (सिवान): थाना क्षेत्र के हथीगाही पंचायत अंतर्गत पकवालिया गांव में रविवार रात करीब नौ बजे लूटपाट के दौरान विरोध करने पर 35 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अमर सिंह की पत्नी कलावती देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया नंदजी सिंह ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थानाध्यक्ष छोटन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलावती देवी रविवार रात गेहूं की कटाई के बाद स्नान करने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। इनमें से दो बदमाश घर में घुस गए और रुपये से भरा पर्स व गले की चेन लेकर भागने लगे।
इसका विरोध करते हुए कलावती देवी ने साहस दिखाते हुए डंडा लेकर बदमाशों का पीछा किया और घर के बाहर सड़क तक पहुंचकर एक बदमाश को पकड़ लिया। इसी दौरान अन्य बदमाशों ने उन पर चाकू से गर्दन और सीने पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतका के पति का एक वर्ष पूर्व बीमारी से निधन हो चुका था। वह अपनी चार बेटियों और एक बेटे के साथ खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, इस वारदात में किसी नजदीकी रिश्तेदार की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर