Explore

Search

April 21, 2026 5:58 pm

मैरवा: आसमान से तेज धमाके की आवाज से दहशत, 20 किमी क्षेत्र में गूंज

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

अचानक गूंजे धमाके से लोग सहमे, कारण अब तक स्पष्ट नहीं


• सोमवार सुबह तेज धमाके की आवाज से लोग दहशत में
• 20 किमी क्षेत्र में सुनी गई जोरदार आवाज
• कई इलाकों में मकान तक हिलने की सूचना
• कारण स्पष्ट नहीं, जेट फाइटर की आवाज होने की भी चर्चा


मैरवा (सिवान) में सोमवार को करीब 10 बजे दिन में आसमान से आई तेज धमाके की आवाज ने लोगों को चौंका दिया। अचानक हुई इस तेज आवाज से जहां मकान तक दहल उठे, वहीं लोगों के दिलों में भी दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद लोग अपने-अपने तरीके से इस आवाज का अंदाजा लगाने लगे। किसी ने इसे फायरिंग की आवाज बताया तो किसी ने बम धमाका समझा। वहीं कुछ लोगों ने ट्रांसफार्मर ब्लास्ट या किसी फैक्ट्री के बायलर फटने की आशंका जताई।
धीरे-धीरे लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर इस घटना के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की, लेकिन स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका। जानकारी के अनुसार करीब 20 किलोमीटर के दायरे में इस अज्ञात धमाके की आवाज सुनी गई है।
मैरवा, गुठनी, नौतन, दरौली, जीरादेई समेत उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी लोगों ने इस जोरदार धमाके को महसूस किया। कई लोगों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के भवन तक थर्रा उठे।
उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती बनकटा थाना की पुलिस ने भी इस मामले में जानकारी लेने के लिए मैरवा थाना से संपर्क किया। हालांकि, अब तक सिर्फ तेज आवाज सुने जाने की पुष्टि हुई है, लेकिन इसके पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इधर, आवाज की प्रकृति स्पष्ट नहीं होने के कारण लोगों में भय और असमंजस का माहौल बना रहा। कुछ लोग इसे जेट फाइटर से उत्पन्न ध्वनि भी मान रहे हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर